नई दिल्ली/कोलकाता I पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव से शुरू हुई राजनीतिक लड़ाई अब सिस्टम की लड़ाई बनती जा रही है. यहां एक जूनियर डॉक्टर के साथ हुई मारपीट की घटना से मेडिकल एसोसिएशन में गुस्सा है, डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं तो वहीं राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी डॉक्टरों पर ही हमलावर हैं. ममता सरकार से खफा डॉक्टरों ने इस्तीफों की झड़ी लगा दी है अभी तक राज्य में 150 से अधिक डॉक्टर अपना पद छोड़ चुके हैं.
अभी तक दार्जिलिंग में 27, उत्तर 24 परगना में 18 और NRS कॉलेज में 100 से अधिक डॉक्टर इस्तीफा दे चुके हैं तो वहीं कोलकाता में 80 से अधिक डॉक्टरों ने इस्तीफे की धमकी दी है.
बंगाल में डॉक्टरों की हड़ताल का असर अब देश के अन्य हिस्सों में भी दिखना शुरू हो गया है. दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में डॉक्टरों ने काम करने से इनकार कर दिया है. कई शहरों में डॉक्टर सड़क पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं. डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से मरीजों पर संकट टूट पड़ा है. AIIMS के बाहर मरीजों के परिजन परेशान घूम रहे हैं.
AIIMS के डॉक्टरों ने आज दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से मुलाकात भी की और अपनी मांगों के बारे में बताया.

