देहरादून। दूनवासियों को लॉकडाउन के दौरान राशन समेत रोजमर्रा की जरूरत की अन्य चीजों के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। आपके घर तक सामान पहुंचाने की सुविधा कर दी गई है। पहले पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दुकानों को चिह्नित किया, जो लॉकडाउन के दौरान भी खुली रहेंगी। इसके साथ ही अब उन्होंने डिलीवरी ब्वॉय के नंबर भी जारी कर दिए हैं, जिनको फोन कर आप अपनी जरूरत का सामान मंगवा सकते हैं। इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए पुलिस ने इस सूची को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया है।
अगर सूची में दिए गए नंबरों पर संपर्क नहीं हो पाता या फिर डिलीवरी ब्वॉय और दुकानदार सामान की आपूर्ति में कोई टालमटोल कर रहा हो, तो आप संबंधित बीट के पुलिस अधिकारी को फोन कर अपनी समस्या बता सकते हैं। अगर बीट पुलिस अधिकारी के स्तर पर भी आपकी समस्या का समाधान नहीं होता, तो आप उच्चाधिकारियों से भी बात कर सकते हैं। उनके नंबर भी सूची में मौजूद हैं।

