नई दिल्ली. केंद्र सरकार मनरेगा के तहत 11,499 करोड़ रुपये की संपूर्ण लंबित मजदूरी की राशि 10 अप्रैल तक दे देगी. केंद्र ने ग्रामीण रोजगार योजना मनरेगा के तहत लंबित मजदूरी का भुगतान करने के लिये 4,431 करोड़ रुपये जारी किये.
गरीब कल्याण योजना के तहत 1.70 लाख करोड़ रुपये का राहत पैकेज
गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कोरोना वायरस महामारी और उसके आर्थिक प्रभाव से निपटने को लेकर गुरुवार को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.70 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की. इसमें कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिये जुटे डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को बीमा कवर तथा मनरेगा के तहत दैनिक मजदूरी 182 रुपये से बढ़ाकर 202 रुपये करने के साथ प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत किसानों को अग्रिम भुगतान, 80 करोड़ परिवारों को 5 किलो गेहूं या चावल के साथ एक किलो दाल तीन महीने के लिये मुफ्त देने सहित गरीब वृद्धों, गरीब विधवाओं तथा गरीब दिव्यांगों के लिये भी घोषणाएं की गई है.
इसमें कहा गया है कि विशेष बीमा योजना के दायरे में सफाई कर्मचारियों, वार्ड ब्वाय, नर्स, आशा कर्मी, पैरामेडिक कर्मी, तकनीशियन, डाक्टर, विशेषज्ञ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी आयेंगे और यह बीमा कवर 50 लाख रूपये का होगा. इसके दायरे में सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र, आरोग्य केंद्र, केंद्र एवं राज्य सरकारों के अस्पताल आयेंगे और इस महामारी से लड़ने वाले करीब 22 लाख स्वास्थ्य कर्मी इसके दायरे में आयेंगे.

