महाराष्ट्र: पुणे में दर्दनाक हादसा, भारी बारिश के बाद दीवार गिरने से 15 लोगों की मौत, कई घायल

मुंबई: महाराष्ट्र के पुणे में देर रात एक बड़ा हादसा हुआ है। भारी बारिश के बाद कोंधवा के तालाब मस्जिद इलाके में दीवार गिरने से अभी तक 15 लोगों की मौत हो गई है जबकि कुछ लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद दो लोगों को राहत और बचाव दल ने सुरक्षित भी निकाल लिया है लेकिन मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। फिलहाल एनडीआरएफ की टीम मौके पर है और बचाव तथा राहत का कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि मरने वाले अधिकांश लोग मजदूर हैं। 
खबरों की मानें तो यहां एक आवासीय सोसायटी का निर्माण चल रहा था और मजदूरों के रहने के लिए पास में ही कच्चे घरों को निर्माण किया गया था। हादसे की जो तस्वीरें सामने आईं हैं उनमें साफ दिख रहा है कि सोसाइटी के पार्किंग एरिया से लगा एक हिस्सा (दीवार) इसके नीचे दीवार से सटे मजदूरों के कच्चे आवास में गिर गई। तस्वीरों में दिख रहा है कि कई कारें भी कच्चे मकानों पर गिरी हुईं हैं। 
बिहार और बंगाल से अधिकतर मजदूर
पुणे के जिला कलेक्टर, नवल किशोर राम ने हादसे के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘भारी वर्षा की वजह से दीवार ढह गई। इस घटना में कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही सामने आ रही है। 15 लोगों की मौत कोई  छोटा मामला नहीं है। मारे गए अधिकतर मजदूर बिहार और बंगाल के थे। सरकार प्रभावितों की मदद कर रही है।’
मुंबई के चैंबूर में भी गिरी दीवार
मुंबई में हुई तेज बारिश के बाद हादसों की कई खबरें और तस्वीरें सामने आ रही हैं। मुंबई के चेंबूर में शनिवार तड़के 2 बजे ऑटो-रिक्शा पर एक दीवार गिर गई और गनीमत ये रही कि इसमें कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल यहां पर मलबे को हटाने का कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *