पिथौरागढ़ I उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव के बाद सिलिंडर फटने से दो मंजिले मकान में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में भवन स्वामी भी झुलस गया। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मकान पूरी तरह से जल जाने से परिवार सड़क पर आ गया है।
नाकोट के मझेड़ा गांव निवासी गोपाल राम पुत्र बहादुर राम मंगलवार को दिन में लगभग एक बजे खाना पका रहे थे। इसी दौरान सिलिंडर ने आग पकड़ ली। आग बुझाने के प्रयास में गोपाल राम बुरी तरह से झुलस गए।
आग के विकराल रूप लेते देख गोपाल राम ने खिड़की से बाहर छलांग लगा दी। इसी बीच सिलिंडर जोर के धमाके के साथ फट गया। सिलिंडर के धमाके से आसपास अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग पर पाया काबू
ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख गया। सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड और 108 एंबुलेंस नाकोट पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग से घर में रखा सामान, राशन और कपड़े सहित सब कुछ जल गया।
झुलसे गोपाल राम को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। गोपाल राम के पुत्र कामेश ने बताया कि आग लगने से उसके सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र भी जल गए हैं। कामेश ने बताया कि मकान के तीनों कमरे जल जाने से उनके पास रहने का ठिकाना भी नहीं है।

