नई दिल्लीः विदेश में भारतीयों के जमा कालेधन से जुड़ी बड़ी खबर आई है. भारत को स्विस बैंक के खातों की जानकारी मिल गई है. स्विट्जरलैंड की सरकार ने स्विस बैंक में भारतीय के जमा धन से जुड़ी पहली जानकारी भारत सरकार को सौंप दी है. स्विस बैंक ने 75 देशों के 3.1 मिलियन यानी 31 लाख खातों की जानकारी दी है. बताया जा रहा है कि अगले साल यानी सितंबर 2020 तक स्विस बैंक से भारत को और भी खातों की जानकारी मिलेगी. काले धन के खिलाफ लड़ाई में ये कदम बेहद कारगर माना जा सकता है.
भारत और स्विट्जरलैंड के बीच बैंकिंग सूचनाओं के स्वतः आदान-प्रदान के समझौते के प्रभावी होने के बाद ही ये साफ हो गया था कि भारतीयों के स्विस बैंक खातों पर से पर्दा जल्द उठेगा. भारत और स्विट्जरलैंड के बीच वित्तीय खातों की जानकारी के स्वतः आदान-प्रदान यानी ऑटोमैटिक एक्सचेंज ऑफ इन्फॉर्मेशन (एईओआई) की शुरुआत 1 सितंबर से हुई थी. इसके तहत आज स्विस बैंक ने भारतीयों के खातों की जानकारी भारत सरकार के साथ साझा की है.

