ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन ऋषिकेश में ग्राम पंचायत विकास योजना अभियान के तहत हिमालयी राज्यों में सामाजिक व आर्थिक रूपांतरण विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला सबकी योजना सबका विकास का उद्घाटन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि हिमालय राज्यों की यह कार्यशाला गंगा के पवित्र तट पर आयोजित हो रही है। इसमें शामिल प्रतिनिधि नए आयाम लेकर यहां से जाएंगे। कार्यशाला को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें जो कुछ भी सीखे उसे सभी लोग अंगीकृत भी करें। कई लोगों ने आज गांव का चिंतन बदल दिया।
उत्तराखंड के एक गांव में सैनिक की पत्नी प्रधान का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि की सोच और दिशा सही होनी चाहिए। लोकतंत्र को समझने की जरूरत है। चुनाव के पश्चात वैमनस्य और हिंसा का त्याग किया जाना चाहिए, लेकिन कई जगह टोरलेंस खत्म हो जाता है, जबकि हम गांव में मिल बैठकर चुनाव करा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति में कोई ना कोई गुण है। अच्छे लोगों की कमी नहीं है, कमी है तो एक अच्छे योजक की। ऐसे लोगों की राजनीति में भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक इच्छाशक्ति से ही सारे काम होते हैं।

