नई दिल्ली I राम मंदिर मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने सुप्रीम कोर्ट के आने वाले फैसले को खुले मन से स्वीकर करने की बात कही है. आरएसएस ने कहा, ‘आगामी दिनों में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के वाद पर सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय आने की संभावना है. निर्णय जो भी आए उसे सभी ने खुले मन से स्वीकार करना चाहिए. निर्णय के पश्चात देश भर में वातावरण सौहार्दपूर्ण रहे.’
दरअसल, दिल्ली में आरएसएस की बैठक हो रही है. इस बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत और भैयाजी जोशी मौजूद हैं. संगठन के प्रचार प्रमुख अरुण कुमार ने कहा कि 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक हरिद्वार में प्रचारक वर्ग के साथ दो दिन की बैठक पहले से निश्चित थी. लेकिन इस बैठक को आवश्यक कारणों से स्थगित कर दिया गया. लेकिन बैठक हरिद्वार के स्थान पर अब दिल्ली में हो रही है. उन्होंने कहा कि निर्णय के पश्चात देशभर में वातावरण सौहार्दपूर्ण रहे, हम इसपर भी चर्चा कर रहे हैं.

