नई दिल्लीः विपक्ष के निशाने पर यूरोपियन यूनियन के सांसदों का दौरा लगातार बना हुआ है. ईयू के सांसदों के कश्मीर दौरे पर अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सवाल उठाए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वार किया है. उन्होंने इस बारे में ट्वीट किया है और लिखा है कि भारत के किसानों-बेरोजगार युवाओं के लिए ये सुविधा नहीं है कि पीएम से मुलाकात हो सके, समस्याएं सुनी जा सकें, लेकिन, हाँ मादी शर्मा जैसे इंटरनेशनल बिजनेस ब्रोकर बड़ी शान से लिख सकते हैं, भारत आइए हम आपका खर्चा भी उठाएंगे.
इसके अलावा एक और ट्वीट में प्रियंका गांधी ने सवाल उठाते हुए लिखा है कि PM ऑफिस में हमारी पहुँच है, हम आपको PM से भी मिलवाएँगे। इन बिजनेस ब्रोकर की PM ऑफिस में पहुँच बनी कैसे?
विदेशी सांसदों के कश्मीर दौरे को लेकर विपक्षी पार्टियां मोदी सरकार से सवाल पूछ रही है कि जब भारतीय सांसदों को कश्मीर नहीं जाने दिया जा रहा है तो विदेशी को जाने की अनुमति क्यों दी गई? दरअसल ये खुलासा हुआ है कि सभी 27 यूरोपीय सांसदों को माडी शर्मा के एनजीओ ने न्योता भेजा था. माडी शर्मा ने ही सांसदों को पीएम से मिलवाने का प्रस्ताव दिया था.

