शर्मनाक हार के बाद कप्तान विराट कोहली ने बताया कि उनसे कहां हुई चूक

चेन्नई: वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को पहले वनडे मैच में 8 विकेट से करारी मात दे दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को 288 रनों का लक्ष्य दिया था। वेस्टइंडीज की टीम ने टीम इंडिया को करारा जवाब दिया और उनके दो बल्लेबाजों ने अपने दम पर जीत भारत से दूर कर दी। शेमरोन हेटमायर (139) और शे होप (नाबाद 102) ने वेस्टइंडीज को 47.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर जीत दिला दी। आखिर टीम इंडिया से चूक कहां हुई? मैच के बाद कप्तान विराट कोहली ने बताया कि शायद उनका टीम प्रबंधन हालातों को ठीक से समझ नहीं पाया।

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को जीत का श्रेय देते हुए कहा कि धीमी पिच होने के कारण टीम प्रबंधन को गेंदबाजी में छह विकल्प पर्याप्त लगे थे। भारत चार मुख्य गेंदबाजों के साथ उतरा था लेकिन उसे पांचवें गेंदबाज की कमी खली क्योंकि शिवम दुबे (7.5 ओवर में 68 रन) और केदार जाधव (एक ओवर में 11 रन) प्रभाव नहीं छोड़ पाये।

कप्तान कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘हमें लगा कि गेंदबाजी में छह विकल्प पर्याप्त होंगे विशेषकर तब जबकि पिच धीमा खेल रही थी और केदार एक विकल्प था, लेकिन दूधिया रोशनी में यह (पिच) अलग तरह से खेली।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। तेज गेंदबाज गेंद पर अच्छी पकड़ नहीं बना पा रहे थे। हेटमेयर ने बेहतरीन पारी खेली और होप ने भी।’

श्रेयस और रिषभ की तारीफ
कोहली ने भारतीय पारी में अर्धशतक जड़कर उसे शुरुआती झटकों से उबारने वाले श्रेयस अय्यर (70) और ऋषभ पंत (71) की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘मैं और रोहित (शर्मा) आज नहीं चल पाये और ऐसे में उन दोनों के पास मौका और उन्होंने धीमी पिच पर बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।’

विवादित रन आउट पर भी बोले कोहली
रविंद्र जडेजा के आउट होने के बारे में कोहली ने कहा, ‘फील्डर ने अपील की? अंपायर ने कहा ‘नाट आउट’। मैदान के बाहर बैठे लोग यह तय नहीं कर सकते की वहां क्या हुआ। मैंने पहले कभी ऐसा नहीं देखा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *