नई टिहरी I उत्तराखंड के टिहरी में चिन्यालीसौड़ और गौचर में हेलीकॉप्टर सेवा के सफल संचालन के उत्साहित सरकार अब दो और शहरों के लिए हेली सेवा शुरू करने जा रही है। नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहे टिहरी झील के किनारे से भी मार्च के पहले सप्ताह से देहरादून और श्रीनगर गढ़वाल के लिए हेली सेवाएं शुरू की जाएगी।
इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कोटी कॉलोनी में तीन हेलीपैड से लेकर यात्रियों के बैठने के लिए कक्ष, शौचालय और पानी समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। नागरिक उड्डयन विभाग की टीम ने भी दौरा कर व्यवस्थाओं को बेहतर पाया है।
केंद्र सरकार की उड़ान योजना से छोटे-छोटे शहरों को भी हेलीकॉप्टर सेवाओं से जोड़ने की मुहिम शुरू हो गई है। अब टिहरी झील के पास कोटी कॉलोनी से हेली सेवाओं की शुरुआत होने वाली है।
नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक आशीष भटगाईं ने बताया कि जौलीग्रांट हवाई अड्डे से कोटी कॉलोनी और श्रीनगर के लिए हेली सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इसके लिए विभाग की एक टीम कर्नल समीर के नेतृत्व में कोटी कॉलोनी पहुंची है।
कोटी को मानकों के अनुसार पाया है। सरकार ने यहां पर एक करोड़ 50 लाख की धनराशि से जून 2019 में तीन हेलीपैड और सड़क का निर्माण किया था। साथ ही अन्य सुविधाएं भी यहां जुटा दी हैं। टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि कोटी में हेली सेवा शुरू करने की सभी तैयारियां हो चुकी हैं। हेली सेवा शुरू होने से यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।

