जनरल वीके सिंह ने किया गौचर से जोशीमठ तक हाईवे का हवाई सर्वे, जाना चारधाम रोड का हाल

चमोली I केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह (रिटायर्ड) ने शनिवार को गौचर से जोशीमठ तक हाईवे का हवाई सर्वे किया। इसके बाद उन्होंने चारधाम सड़क परियोजना के कार्यों की समीक्षा बैठक ली और हाईवे चौड़ीकरण और रखरखाव का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश कार्यदायी विभागों को दिए।

उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे के निकट बने मकानों का मुआवजा लेने के बावजूद जो लोग मकानों को खाली नहीं कर रहे हैं, ऐसे मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नेशनल हाईवे और प्रशासन आपसी समन्वय से करें, जिससे निर्माण कार्यों में कोई गतिरोध न आए। 

बीआरओ ऑफिसर मैस में राष्ट्रीय राजमार्ग, बीआरओ और प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने चारधाम सड़क परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। 

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला और चारधाम यात्रा को देखते हुए नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण व रखरखाव संबंधी कार्यों में तेजी लाएं। गुलाब कोठी (जोशीमठ) में कंट्रोल ब्लास्टिंग के लिए कुछ समय के लिए लोगों को अस्थायी तौर पर हटाने की राय दी, जिससे लोगों की सुरक्षा बनी रहे।

उन्होंने नेशनल हाईवे के निकट वर्जित साइड में बने मकानों के ध्वस्तीकरण और मुआवजा संबंधी प्रकरणों को तुरंत निस्तारित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उनके साथ एनएचआईडीसीएल के जनरल मैनेजर जगत नारायण, सहायक अभियंता शक्ति यादव, कमान अधिकारी नागेंद्र कुमार, एडीएम मोहन सिंह बर्निया, एसडीएम  वैभव गुप्ता, तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़, पटवारी जगदीश औलिया, विभागीय अधिकारी व पुलिस के सुरक्षा जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *