रुड़की I उत्तराखंड के रुड़की में नकली दवा की फैक्टरी पकड़ने जाने के मामले में भाजपा नेता के भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, ड्रग विभाग की टीम ने गांव के गोदाम के साथ ही बरामद हुई दवा बनाने वाली मशीनों को भी सील कर दिया। छह दवाओं के सैंपल भी जांच को लैब के लिए भेजे गए हैं।
सोमवार को दिल्ली विजिलेंस और हरिद्वार ड्रग इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह राणा की अगुवाई में एक टीम ने चुड़ियाला गांव में घेर (पशुशाला) में छापा मारा था। टीम ने घेर में बने एक गोदाम से बड़ी मात्रा में नामी कंपनियों के नाम की नकली दवाइयां, रैपर और तीन मशीनें बरामद की थी।
इसके साथ ही टीम ने करीब 50 पेटियों में भरी 20 से 25 लाख मूल्य की नकली दवाइयां कब्जे में लेकर सील लगाकर थाने में रखवा दी थी। जांच में सामने आया था कि फैक्टरी एक भाजपा नेता के भाई अपने दो पार्टनरों के साथ मिलकर चला रहे थे। फूड प्रॉडक्ट की आड़ में नकली दवाइयां तैयार कर बाहर सप्लाई की जाती थीं।
पराग त्यागी है भाजपा नेता का भाई
मंगलवार को मामले में ड्रग इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह राणा की ओर से भगवानपुर थाने में तहरीर दी गई। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर पराग त्यागी पुत्र विपालत त्यागी निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर और बादर हयात पुत्र मोहम्मद इसाक निवासी लिंक रोड पावर हाउस के सामने खान आलमपुरा, जिला सहारनपुर और दिनेश चंद्रा पुत्र लाखन सिंह निवासी उसायनी, जिला फिरोजाबाद यूपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इनके खिलाफ औषधि प्रसाधन सामग्री अधिनियम, धोखाधड़ी, कॉपीराइट एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जिस चुड़ियाला निवासी पराग त्यागी के खिलाफ फैक्टरी में नकली दवाई बनाने के मामले में केस दर्ज किया है, वह एक भाजपा नेता के भाई हैं। मामला उजागर होने पर राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

