उत्तराखंड के हॉटस्पॉट बनभूलपुरा में कर्फ्यू के आदेश, सड़क पर उतरे थे हजारों लोग

देहरादून। हल्द्वानी के बनभूलपूरा क्षेत्र में रविवार को हुए हंगामे के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने क्षेत्र में कर्फ्यू लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह और सचिव गृह नितेश झा को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके को पुलिस ने आठ अप्रैल से ही सील किया हुआ है। यहां लगातार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की टीम बनभूलपुरा पहुंची। यहां के मौलाना को शहर से कुछ दूर बने केंद्र में क्वारंटाइन किया जाना था। टीम के पहुंचने पर विरोध शुरू हो गया। जब पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो मामला बढ़ गया। सैकड़ों लोगों ने सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति यह बनी की स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम बामुश्किल यहां से निकल पाई। मामला बढ़ता देख प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी फोर्स के साथ पहुंचे। नतीजा यह हुआ कि न तो मौलाना की स्वास्थ्य जांच हो पाई और न ही उन्हें क्वारंटाइन किया जा सका। 
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कर्फ्यू लगाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि किसी भी हालत में स्थिति को नियंत्रण करना था। इसके लिए कोई भी सख्त कदम उठाने पड़े तो उठाए जाएंगे। सभी को कहा गया है कि प्रशासन का सहयोग करें। सभी को यह समझना होगा कि स्थिति कभी भी नियंत्रण के बाहर जा सकती है। रविवार को हुई घटना के बाद यह कदम उठाना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *