नई दिल्ली I जम्मू और कश्मीर के हंदवाड़ा में एक बार फिर सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है. एनकाउंटर में सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद हो गए हैं. सुरक्षा बलों ने इस दौरान एक आतंकी को भी मार गिराया है. इससे पहले रविवार को भी हंदवाड़ा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इसमें कर्नल, मेजर और 3 जवान शहीद हो गए थे. वहीं सुरक्षा बलों ने 2 आतंकियों को भी ढेर किया था.
देश एक ओर जहां कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ रहा तो वहीं कश्मीर में सुरक्षा बल आतंकियों के मंसूबे को नाकाम करने में जुटे हैं. 24 घंटे के अंदर हंदवाड़ा में ये दूसरी मुठभेड़ है. रविवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाकर्मियों को आतंकियों का इनपुट 6 दिन पहले 28 अप्रैल को सबसे पहले मिला था. तभी से जवान उनके पीछे पड़े थे.इस ऑपरेशन में 21-राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा शहीद हुए. कर्नल आशुतोष कई सफल ऑपरेशन के हिस्सा रहे थे.
कर्नल, मेजर और तीन जवान हुए थे शहीद
इससे पहले हंदवाड़ा में हुई मुठभेड़ में शहीद सुरक्षाकर्मियों में 21 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज सूद, नायक राजेश, लांस नायक दिनेश के साथ जम्मू कश्मीर पुलिस के सब इंस्पेक्टर काजी पठान हैं. हालांकि इस पूरे मुठभेड़ में सुरक्षा कर्मी नागरिकों को बचाने में सफल रहे.

