पेट्रोल की बोतल लेकर युवक ने की सीएम आवास में घुसने की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों में मचा हड़कंप

देहरादून मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज हरिद्वार के एक युवक ने उत्तराखंड में मुख्यमंत्री आवास में पेट्रोल लेकर घुसने की कोशिश की है। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी युवक का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया है। हालांकि पुलिस ने युवक के पास पेट्रोल की बोतल थी इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन मौके पर युवक के पास पेट्रोल की बोतल होने की चर्चा थी।

घटना शुक्रवार शाम की है। जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार को राजीव कुमार निवासी खड़खड़ी हरिद्वार के साथ क्षेत्र में कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इस दौरान वहां पुलिस पहुंची और राजीव को ही उठा लिया।
राजीव का आरोप है कि पुलिस ने उसका पक्ष नहीं सुना। इस मामले में उसने हरिद्वार के अधिकारियों को भी शिकायत की मगर कोई न्याय उसे नहीं मिला। इसके बाद उसने तमाम जगहों पर गुहार लगाई लेकिन सभी ने उसकी बातों को दरकिनार कर दिया।

शुक्रवार को इन्हीं सब बातों से तंग आकर राजीव कुमार मुख्यमंत्री आवास पहुंच गया। यहां उसने पेट्रोल की बोतल लेकर सीएम आवास पर घुसने की कोशिश की मगर सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया।

इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि राजीव का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया है। पुलिस को उसके पास से पेट्रोल की बोतल बरामद नहीं की है। मामले की जानकारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *