रुड़की: लकड़ी बीनने गई महिला को हाथी ने पटक-पटककर मार डाला, एक की हालत गंभीर

रुड़की I उत्तराखंड के रुड़की में राजाजी टाइगर रिजर्व स्थित धौलखंड रेंज के जंगल में लकड़ी बीनने गई महिला को हाथी ने पटककर मार डाला। वहीं, जान बचाकर भाग रही एक महिला हाथी के हमले में गंभीर घायल हो गई।
परिजनों ने उसे छुटमलपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। दूसरी ओर, घटना के बाद राजाजी टाइगर रिजर्व के किसी अधिकारी-कर्मचारी के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में रोष है।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे बंदरजूड गांव कुछ महिलाएं झुंड में राजाजी टाइगर रिजर्व के धौलखंड रेंज के जंगल में लकड़ी बीनने गई थीं। पार्क का यह क्षेत्र गांव से लगा हुआ है।
बताया जा रहा है कि लकड़ी बीनते-बीनते दो महिलाएं जंगल में काफी अंदर चली गईं। इसी बीच घास की ओट में छुपा हाथी दोनों महिलाओं के पीछे दौड़ पड़ा। भागते समय हाथी ने सूंड़ से एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे इसराना पत्नी खुर्शीद (30) घायल हो र्गइं। जैसे-तैसे वह भागकर लकड़ी बीन रहीं अन्य महिलाओं के पास पहुंचीं। साथ ही बताया कि हाथी एक महिला के पीछे पड़ा है।

सूचना पाकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल इसराना को छुटमलपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ लोग दूसरी महिला को ढूंढते हुए जंगल में गए तो कुछ दूरी पर फातमा (45) पत्नी हुसैन का खून से लथपथ शव मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *