देहरादून । उत्तराखंड में कोरोना वायरस के मरीज बढ़ते ही जा रहे हैं। आज सुबह एक और कोरोना संक्रमित मरीज सामने आया है। अपर सचिव युगल किशोर पंत ने ग्रीन जोन उत्तरकाशी के मरीज में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की है। उत्तरकाशी जिले में कोरोना का यह पहला मामला है। इसके साथ ही अब प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 68 हो गई है।
उत्तरकाशी के सीएमओ डॉ. डीपी जोशी ने बताया कि यह युवक तीन अन्य युवकों के साथ सात मई को गुजरात से उत्तराखंड आया था। एहतियातन युवक की जांच कराई गई थी जिसकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। ग्रीन जोन में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से अब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारी युवकों के बारे में पता करने में जुटी है।
बता दें कि शनिवार को भी ऊधमसिंहनगर में कोरोना के चार नए मामले सामने आए थे। ये चारों संक्रमित युवक भी बाहरी राज्यों से आए थे। वहीं, अभी तक प्रदेश में 46 मरीज ठीक हो चुके हैं।
होम क्वारन्टीन 4386 लोंगो की निगरानी की चुनौती
लॉक डाउन के बीच देश के दूसरे हिस्सों में फंसे लोगों के आने का सिलसिला तेज हो गया हैं। अब तक जिले भर में 4386 लोगों को होम क्वारंटीन किया जा चुका हैं। ऐसे में उनकी निगरानी करना पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
पुलिस पर काम का बोझ घटने के बजाए बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर लॉकडाउन का पालन कराने के साथ बेसहारा लोगों को खाना, सरकारी वाहनों से आने वाले लोगों को घरों तक पहुंचाने के साथ होम क्वारंटीन की निगरानी का जिम्मा भी पुलिस के पास आ गया है।
लॉकडाउन में मिली छूट के बाद देश के तमाम हिस्सों से पास लेकर आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एसपी क्राइम लोकजीत सिंह ने बताया कि जिले भर में अब तक 4386 लोगों को होम क्वारंटीन किया जा रहा है। पुलिस बीच-बीच में जाकर ये सुनिश्चित कर रही है कि संबंधित लोग क्वारंटीन के नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं।

