लोकसभा चुनाव 2019: अब मतदाता ऐसे देख सकेंगे उम्मीदवार को दिया अपना वोट

देहरादून I लोकसभा चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने वाला हर मतदाता ईवीएम का बटन दबाने के बाद अपना वोट देख सकेगा। वीवीपैट मशीन से मतदाता यह देख सकेगा कि उसका वोट उसी उम्मीदवार को गया है या नहीं जिसे उसने वोट दिया है।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पहली बार प्रदेश के सभी 11235 मतदान केंद्रों पर वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए राज्य में 16808 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं। 

मतदान प्रक्रिया में विश्वसनीयता और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सितंबर 2013 के बाद लोकसभा व विधानसभा चुनाव में वीवीपैट मशीनों का प्रयोग शुरू किया। शुरूआत में कुछ ही मतदान केंद्रों में प्रयोग के तौर पर वीपीपैट का इस्तेमाल किया गया था।
इस लोकसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट का इस्तेमाल करने के दिशा निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश के 11235 मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीन के साथ ही वीवीपैट मशीन भी होगी।

ईवीएम का बटन दबाने के बाद मतदाता वीवीपैट पर यह देख सकेेगा। उसने जिस उम्मीदवार को अपना वोट दिया है, वह सही है या नहीं। जिस उम्मीदवार को वोट दिया है, उसका नाम व चुनाव चिन्ह वीवीपैट मशीन में आएगा। इसकी पर्ची वीवीपैट से जुड़े सील बंद बॉक्स में जाएगी।

इन पर्चियों को मतदाता की ओर से ईवीएम में मत के ऑडिट ट्रेल के रूप में माना जाएगा। मुख्य निवार्चन अधिकारी सौजन्या का कहना है कि पहली बार लोकसभा चुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। राज्य में पोलिंग बूथों के हिसाब से पर्याप्त मात्रा में वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *