रुड़की। दो बार विधायक रह चुके चौधरी यशवीर सिंह ने अपने बेटे और कई समर्थकों के साथ कांग्रेस को अलविदा कह दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में संगठन नाम की कोई चीज नहीं है। विपक्ष की भूमिका निभाने में कांग्रेस पूरी तरह से नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि होली के बाद वह एक बड़ी बैठक कर जल्द ही तय करेंगे कि भविष्य में वह किस संगठन या व्यक्ति के साथ मिलकर राजनीति करेंगे। बिना राजनीति के वह नहीं रह सकते हैं।
चौधरी यशवीर सिंह ने दिल्ली-देहरादून राजमार्ग स्थित कैंप कार्यालय पर समर्थकों की मौजूदगी में प्रेस कांफ्रेंस की। चौधरी यशवीर सिंह ने कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस में थे। एक सच्चे सिपाही की तरह काम किया, लेकिन कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी बेहद हावी हो चुकी है। नेताओं का एक-दूसरे के खिलाफ जबरदस्त विरोध है।
उन्होंने कहा कि तीन साल पहले उन्होंने एक बड़ी रैली की थी। इसमें तमाम कांग्रेस के नेताओं को बुलाया, लेकिन तत्कालीन सीएम को छोड़कर दूसरे गुट से कोई नहीं आया।
आरोप लगाया कि पूर्व सीएम हरीश रावत ने गंगा गन्ना यात्रा निकालकर नौटंकी की। क्षेत्र का गन्ना किसान परेशान है, लेकिन कांग्रेस ने एक भी आंदोलन नहीं किया। किसी भी मुद्दे पर कांग्रेस लोगों के बीच में नहीं आई।

