रुड़की में टली राहुल गांधी की रैली, अब 6 अप्रैल को हरिद्वार और अल्मोड़ा में होगी जनसभा

हरिद्वार I कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की छह अप्रैल को पंतद्वीप पार्किंग में होने वाली रैली की तैयारियों में प्रशासन जुट गया है। एसपीजी और अन्य सुरक्षा बलों ने भी हरिद्वार में डेरा डाल दिया है। इनके दिशा निर्देश पर ही मंच और जनता को बैठने के लिए मैदान बनवाने के लिए काम शुरू कर दिया है। 
वहीं राहुल गांधी छह अप्रैल को ही अल्मोड़ा में भी ग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे ने बताया कि राहुल गांधी एसएसजे परिसर के लोअर मालरोड स्थित सिमकनी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।  

मालूम हो कि पहले राहुल गांधी की पिरान कलियर में रैली करवाने की योजना था, लेकिन वहां मैदान में हाईटेंशन लाइन होने की वजह से परमिशन नहीं मिली। इसके बाद हरिद्वार में रैली करवाने का निर्णय लिया गया। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से अनुमति मिलते ही एसपीजी हरिद्वार पहुंच चुकी है।

बुधवार को एसपीजी की टीम के निर्देशन में पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, ऊर्जा निगम, स्वास्थ्य आदि विभागों और पुलिस अधिकारियों ने मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. संजय पालीवाल ने बताया कि मैदान पर मंच जयराम आश्रम के पीछे उत्तर दिशा में बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *