देहरादून। टिहरी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने अधिवक्ताओं से भावुक अपील कर समर्थन मांगा। प्रीतम सिंह ने बार एसोसिएशन देहरादून से अपने खास रिश्ते को रेखांकित करते हुए कहा कि मेरा आप पर पूरा हक है और आपका मुझ पर। कल कोई भी परिस्थिति हो, मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर हमला भी बोला।
गुरुवार को बार एसोसिएशन देहरादून में आयोजित सभा में पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मुद्दाविहीन हो चुकी है और भावुकता के जरिए चुनाव जीतने की कोशिश में लगी है। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन का सदस्य होने के नाते उनका अधिवक्ताओं से खास लगाव रहता है। अधिवक्ता लोकतंत्र के मजबूत प्रहरी होते हैं और पीड़ित को न्याय दिलाने में उनकी अहम भूमिका होती है। अधिवक्ताओं के वोट में इतनी ताकत होती है कि वह राजनीति में हवा बदलने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि उन्हें लोकसभा पहुंचाए, वह हर संसद से सड़क तक उनके हक की आवाज उठाएंगे। इस दौरान पूर्व काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, सहसचिव अमित, उपाध्यक्ष केपी भट्ट, गंभीर सिंह चौहान, ललित भंडारी, अल्पना जदली व कई अन्य उपस्थित रहे।

