कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज अमेठी में करेंगे नामांकन, केरल के वायनाड से भी भरा है पर्चा

अमेठी (यूपी): कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र बुधवार को दाखिल करेंगे। वह अपने चुनाव क्षेत्र में रोडशो भी करेंगे। कांग्रेस की जिला इकाई के प्रवक्ता अनिल सिंह ने मंगलवार को बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी नामांकन पत्र बुधवार दाखिल करेंगे और रोड शो भी करेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान राहुल की मां एवं यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और बहन तथा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी साथ रहेंगी।
सिंह ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष पर्चा दाखिल करने से पहले मुंशीगंज से गौरीगंज के बीच तीन किलोमीटर की दूरी तक रोडशो करेंगे। राहुल पिछले 15 साल से अमेठी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2014 के चुनाव की तरह इस बार भी उनका मुकाबला बीजेपी की स्मृति ईरानी से है। स्मृति ईरानी के गुरुवार को नामांकन करने की उम्मीद है। स्मृति को 2014 के चुनावों में राहुल के हाथ पराजय का सामना करना पड़ा था।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल के वायनाड से भी नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने वायनाड की सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि वो विपक्षी दल जो दो जगहों से चुनाव लड़ने पर निशाना साध रहे हैं उन्हें यह देखना चाहिए उन्होंने क्या किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *