काशीपुर I चैती मेला के नखासा बाजार में अब तक 12 घोड़ों की बिक गए हैं। आज घोड़े खरीदने के लिए खरीदारों के आने की उम्मीद है। मंगलवार को खरीदे गए घोड़ों की कीमत दस हजार रुपये से 20 हजार रुपये तक के हैं, जबकि मेले में पंजाब, राजस्थान गुजरात के घोड़े भी हैं।
इस दौरान डांस करने वाला एक घोड़ा मेले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शीशगढ़, बरेली निवासी रईस अहमद का काले रंग का घोड़ा डांस करता है, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी है। लेकिन यह घोड़ा बिकाऊ नहीं है। रईस अहमद ने बताया कि राजा नामक इस घोड़े को उसने शौक के लिए पाला है। 60 इंच ऊंचा यह घोड़ा सिर्फ मनोरंजन के लिए है।
घोड़ों के स्वास्थ्य की जांच की
चैती मेला में सामाजिक संस्था ब्रूक इंडिया ने भवाली की सामाजिक संस्था प्रयास के सहयोग से घोड़ों के उपचार के लिए शिविर लगाया है। ब्रूक के पशु चिकित्सक डॉ. मिराज ने बताया कि उनकी संस्था घोड़ों, गधों, खच्चरों का निशुल्क उपचार करती है।
घोड़ों में पाए जाने वाली कई बीमारियां संक्रामक होती हैं, वह मनुष्य में भी फैलती है। दो दिन में 20 घोड़ों का उपचार किया जा चुका है। सहयोग करने वालों में सीमा पांडे, कैलाश, सुधीर आदि थे।

