उत्तराखंड: बागेश्वर में खेत जा रहे युवक पर जंगली सुअर ने किया हमला, उतारा मौत के घाट

बागेश्वर I उत्तराखंड के बागेश्वर में कांडा तहसील के देवल बिछराल गांव में जंगली सुअर ने एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार कांडा से 15 किमी की दूरी पर स्थित देवल बिछराल गांव निवासी संतोष राम (29) पुत्र महेश राम बुधवार की सुबह घर से खेतों की ओर जा रहा था।  इसी दौरान झाड़ियों से निकले जंगली सुअर ने उस पर हमला कर दिया।

संतोष कुमार जान बचाने के लिए सुअर से जद्दोजहद करने लगा, लेकिन ताकतवर सुअर के सामने उसकी एक न चली। वह लहुहुहान होकर वहीं पर गिर पड़ा। संतोष के चिल्लाने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों हल्ला सुनकर सुअर जंगल की ओर भाग गया।
यह भी पढ़ें: ..यहां मोबाइल नेटवर्क के लिए जान हथेली पर रखकर खड़ी चढ़ाई करने को मजबूर हैं लोग, तस्वीरें देखिए

गांव के लोग गंभीर रूप से जख्मी संतोष राम को कांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  जंगली सुअर के हमले में युवक की मौत का समाचार सुनने के बाद अस्पताल में लोगों का हुजूम लग गया।

विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने अस्पताल में पहुंचकर परिजनों को ढाढस बंधाया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। उधर, पंचायतनामा भरने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण समेत तमाम लोग पहुंचे।

फर्स्वाण ने मृतक के परिजनों को वाजिब मुआवजा देने के साथ ही परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी देने की मांग की है। मृतक के परिवार में पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनके भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है।

प्रकरण की जांच की जा रही है। मानकों के अनुसार मृतक के परिजनों को तीन लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। प्रकरण की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
-केसी जोशी वन दरोगा कांडा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *