पाक की परमाणु क्षमता पर मोदी का तंज- हमने क्या दिवाली के लिए रखे हैं?

जयपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात के पाटण और राजस्थान के चित्तौड़गढ़, बाड़मेर में जनसभाएं कीं। उन्होंने बाड़मेर में कहा, ”भारत ने पाक की धमकियों से डरने वाली नीतियों को खत्म कर दिया। पाक आए दिन कहता था कि हमारे पास न्यूक्लियर बटन है। अखबार वाले भी लिखते थे। हमारे पास क्या है? ये हमने दिवाली के लिए रखा है क्या?”

मोदी ने कहा, ”1971 की लड़ाई में हमारे सैनिकों के शौर्य की वजह से पाकिस्तान का एक बड़ा हिस्सा भारत के कब्जे में था, 90 हजार पाक सैनिक हमारे पास थे। लेकिन उसके बाद शिमला में क्या हुआ, सरकार ने टेबल पर सब गंवा दिया। तब 90 हजार सैनिक भी वापस कर दिए और सारी जमीन भी। वो सुनहरा मौका था, जम्मू कश्मीर और घुसपैठ की समस्या को हल करने का, लेकिन कांग्रेस ने मौका गंवा दिया। वह तुरुप का पत्ता था।”
‘कांग्रेस राजस्थान के हिस्से का पानी पाकिस्तान को पिलाती रही’
चित्तौड़गढ़ में जनसभा के दौरान उन्होंने राजस्थान में पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। मोदी ने कहा, सिंधु जल संधि के तहत हमारे हिस्से का पानी रोक लिया होता तो आज पानी की किल्लत नहीं होती। कांग्रेस यहां के लोगों से वोट लेती रही और राजस्थान के हिस्से का पानी पाकिस्तान को पिलाती रही है, आप प्यासे रहे।
मोदी ने कहा, ”अब भाजपा सरकार ने पाकिस्तान की ओर बहने वाले पानी पर एक बांध योजना शुरू की है। आने वाले दिनों में आपके हिस्से का पानी आपको मिलेगा, पाकिस्ताान को नहीं।” 
‘आतंकवाद दुनियाभर में खून बिखेर रहा’
प्रधानमंत्री ने कहा- श्रीलंका में चर्च और होटलों में धमाके हुए। आज विश्व में इस्टर का पर्व मनाया जा रहा है। निर्दोष लोग चर्च में पूजा कर रहे थे, उसी समय आतंकवादियों ने उन्हें मार दिया। आतंकवाद कितना भयंकर है, हर दिन दुनिया में कहीं न कहीं खून बिखेर रहा है। भारत, श्रीलंका के साथ मजबूती के साथ खड़ा है। भारत हर मदद के लिए तैयार है। मोदी ने कहा कि जब आप कमल के निशान का बटन दबाएंगे, मन में तय करिएगा कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए बटन दबा रहे हैं। आप बटन दबाओेगे, आतंकवाद के खिलाफ मुझे लड़ने की ताकत मिलेगी।
‘पाक अभिनंदन की रिहाई नहीं करता तो कत्ल की रात होती’
मोदी ने पाटण में कहा, ”जब अभिनंदन पाकिस्तान में पकड़े गए, विपक्ष ने जवाब मांगना शुरू कर दिया। हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और पाक को चेतावनी दी, अगर हमारे पायलट को कुछ होता है तो आप दुनिया को बताते रहेंगे कि मोदी ने आपके साथ क्या किया?”
प्रधानमंत्री ने कहा, “अमेरिका के एक बड़े अफसर ने दूसरे दिन कहा- भारत ने 12 मिसाइल तैयार रखीं हैं और हमला कर सकता है। इससे स्थिति और बिगड़ जाएगी। पाकिस्तान ने पायलट को छोड़ने का ऐलान कर दिया, नहीं तो यह कत्ल की रात होने जा रही थी।” मोदी ने कहा, ”ये अमेरिका का बड़ा अफसर कह रहा है, मुझे इस बारे में अब कुछ नहीं कहना है। इस बारे में वक्त आने पर बात करूंगा।”
‘उरी-पुलवामा के बाद हमने सुरक्षाबलों को खुली छूट दी’
इससे पहले पाटण में मोदी ने कहा, ”हमारी सरकार आने के बाद बम धमाके करने वाली गैंग जम्मू-कश्मीर तक ही सीमित रह गई। 26/11 मुंबई हमले के बाद देश चाहता था कि आतंकियों को करारा जवाब दिया जाए, लेकिन तब सरकार ने हिम्मत नहीं दिखाई। उरी और पुलवामा हमले के बाद हमने सेना को खुली छूट दी। आतंकियों को जवाब मिला। एयर स्ट्राइक हुई और खेल खत्म।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *