तीन सदस्यीय समिति करेगी चैंपियन-कर्णवाल विवाद की जांच, लटकी निलंबन और निष्कासन की तलवार

देहरादून I भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन और देशराज कर्णवाल के विवाद से असहज पार्टी ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन शुक्रवार को कर दिया। प्रदेश महामंत्री व विधायक खजान दास को समिति का संयोजक बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के मुताबिक, दोनों विधायकों में सुलह के बाद पार्टी ने अनुशासनहीनता का नोटिस वापस ले लिया था, लेकिन उनके बीच फिर से उपजे विवाद के कारण पार्टी को समिति का गठन करना पड़ा। उनकी मानें तो समिति की सिफारिश पर पार्टी कड़े से कड़ा कदम उठाएगी।

शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठन की बैठक में समिति गठन का फैसला लिया गया। प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन के मुताबिक, समिति में दर्जाधारी राज्यमंत्री विश्वास डाबर और पूर्व विधायक कुलदीप कुमार सदस्य बनाए गए हैं।

उनके मुताबिक, पार्टी ने भाजपा विधायकों के बीच के विवाद और मीडिया में बयानबाजी को बेहद गंभीरता से लिया है। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने समिति को निर्देश दिए हैं कि वह मामले की जांच यथाशीघ्र करके अपनी रिपोर्ट दें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *