उत्तराखंड: दो साल बाद अप्रैल में हुई सबसे अधिक गर्मी, मंगलवार से बारिश और ओलावृष्टि देगी राहत

देहरादून I दो साल बाद इस वर्ष अप्रैल का महीना सबसे गर्म गुजर रहा है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक इस दिशा में शोध कर रहे हैं। शनिवार को दून का तापमान 37.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रविवार को तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। उधर, प्रदेश में शनिवार को रुड़की सबसे ज्यादा गर्म रहा, यहां तापमान 41.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि ऊधमसिंह नगर में 39 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
वहीं प्रदेशभर में 30 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अप्रैल, एक मई, दो मई और तीन मई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश हो सकती है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।

प्रदेशभर में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इस साल न केवल मैदानी इलाके बल्कि पहाड़ भी तप रहे हैं। राजधानी दून में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बीते तीन दिनों की बात करें तो तापमान 35 डिग्री से 37 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। रविवार को 38 डिग्री पार होने की संभावना है। बीते दस वर्षों की बात करें तो अभी तक केवल चार बार तापमान अप्रैल में 38 डिग्री से ऊपर पहुंचा है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले एक-दो दिन में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। दून का तापमान 38 डिग्री से ऊपर जा सकता है।
अप्रैल के अधिकतम तापमान पर एक नजर

वर्ष     तिथि    अधिकतम तापमान
2019    27    37.6
2018    26    37.1
2017    20    37.2
2016    17    39.0
2015    21    34.4
2014    30    37.9
2013    30    36.5
2012    20    35.5
2011    29    36.2
2010    27    39.2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *