बागेश्वर, बागेश्वर में कांडा के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में दूल्हे के पिता की मौत हो गई है। जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। एक गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। शनिवार की सुबह बागेश्वर जिला मुख्यालय से एक बरात की कार यूके 02 5754 वापस घर को जा रही थी। कलना बैंड के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। घटना में दूल्हे के पिता विनोद की मौत हो गई।
घटना की खबर सुनते ही गांव में कोहराम मच गया। बरात शुक्रवार की रात गोखुरी गांव से जिला मुख्यालय बागेश्वर आई थी। बारात आज सुबह 6 बजे विदा हुई। सुबह साढे़ आठ बजे कलना के पास कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिरी।
वाहन सवारों का विवरण: विनोद पंत पुत्र गोविंद बललभ पंत उम्र 58 वर्ष निवासी गोखुरी कांडा की मृत्यु हो गयी है। मोनिका पंत पत्नी अखिलेश पंत उम्र 25 वर्ष निवासी गोखुरी कांडा को गंभीर घायल होने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रेम प्रकाश जोशी पुत्र डीएन जोशी उम्र 50 वर्ष निवासी गोखुरी कांडा, हेमा जोशी पत्नी रमेश जोशी उम्र 55 वर्ष निवासी बाजपुर उधम सिंह नगर और विवान पंत पुत्र अखिलेश पंत उम्र 3 माह घायल हैं।
वहीं किच्छा में सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को बस ने कुचल दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। अगले माह मृतक राम चन्द्र (45) की बेटी की शादी होनी थी। परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेजा दिया है। बस और चालक को हिरासत में लिया गया है। हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात मोटरसाइकिल सवार दो युवक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। दोनों युवकों की मौत हो गई है। युवक का नाम दीवान तथा सुमित हैं। दोनों गौलापार तथा शक्ति फार्म के हैं।

