देहरादून I उत्तराखंड में आज कोरोना का एक और मामला सामने आया है। हाल ही में महाराष्ट्र से ऋषिकेश लौटा युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य सचिव युगल किशोर पंत ने मरीज में कोरोना की पुष्टि की है। इसके साथ ही अब प्रदेश में मरीजों की संख्या 92 हो गई है।
युवक की जांच ऋषिकेश एम्स में की गई थी। एम्स प्रशासन के अनुसार, युवक पिछले पांच से छह साल से महाराष्ट्र में एक होटल में करता था। होटल के कई लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद वह हाल ही में ऋषिकेश वापस लौट आया था। वह तभी से अपने घर में क्वारंटीन था।
शनिवार को वह एम्स में स्क्रीनिंग के लिए आया था। उस दौरान उसमें कुछ लक्षण पाए जाने पर युवक का सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। युवक को कोरोना वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है।
जिलेवार कोरोना संक्रमण की स्थिति
जनपद संक्रमित ठीक हुए मरीज
देहरादून 45 28
हरिद्वार 07 07
नैनीताल 14 10
ऊधमसिंह नगर 18 05
उत्तरकाशी 01 –
अल्मोड़ा 02 01
पौड़ी 01 01
हरिद्ववार में सभी सात मरीज हुए ठीक
हरिद्वार जिले ने कोरोना से बड़ी जंग जीत ली है। जिले में आए सभी सात मरीज ठीक हो गए हैं। मेला अस्पताल में भर्ती लक्सर क्षेत्र के व्यक्ति की तीसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि मरीज की रविवार को छुट्टी कर दी जाएगी।
बता दें कि 14 अप्रैल को लक्सर के बहादरपुर खादर निवासी एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई थी। मरीज को मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसकी दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। लेकिन इसकी तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके चलते अब आज मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

