देहरादून I अगले दो से तीन दिन में प्रवासियों को लेकर तीन स्पेशल ट्रेनें उत्तराखंड पहुंचेंगी। इनमें से एक स्पेशल ट्रेन रविवार को गोवा से हरिद्वार के लिए चलेगी। इसके अलावा एक स्पेशल ट्रेन हैदराबाद से हरिद्वार और दूसरी अहमदाबाद से लालकुआं के लिए आएगी।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल से 1400 प्रवासियों को लाने के लिए स्पेशल ट्रेन चलाए जाने पर भी सैद्धांतिक सहमति हो गई है। यह जानकारी शनिवार को प्रदेश सरकार की ओर से दी गई।
सरकार ने अगले पांच दिनों की कार्ययोजना के तहत अवगत कराया कि गुजरात, तेलंगाना, पुणे, सूरत, दिल्ली, गोवा, त्रिवेंद्र, चेन्नई व अन्य राज्यों में फंसे प्रवासियों को रेल से लाने के प्रयास जारी हैं।
यूपी से रेल मार्ग से आएंगे 56258 प्रवासी
सरकार के स्तर पर तय हुआ है कि उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड 56258 प्रवासी रेल मार्ग से लाए जाएंगे। 13684 लोगों को उत्तराखंड से यूपी भेजा जाएगा। इसके अलावा रविवार से अगले चार दिन तक यूपी से 7000 लोगों के आने के लिए पास जारी होंगे।
2.17 लाख पहुंचा प्रवासियों का ऑनलाइन पंजीकरण
अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने के लिए 217339 प्रवासियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। अब तक चले अभियान में विभिन्न राज्यों से 89428 प्रवासियों को लाया जा चुका है। 18645 प्रवासियों को राज्य से बाहर उनके प्रांतों में भेजा गया है। अन्य राज्यों को जाने वाले प्रवासियों के ऑनलाइन पंजीकरण की संख्या 35538 हो चुकी है। राज्य के अंदर एक जिले से दूसरे जिले में अब तक 72658 लोग भेजे गए हैं।
राज्यों में आ चुके प्रवासियों का ब्योरा
राज्य प्रवासी
दिल्ली 29662
हरियाणा 17068
यूपी 15530
चंडीगढ 7807
पंजाब 4594
राजस्थान 3787
महाराष्ट्र 3782
गुजरात 3527
कर्नाटक 2443
अन्य राज्य 1228
कुल योग 89428

