नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद अमित शाह ने शनिवार को जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक से मुलाकात की। राज्यपाल ने गृह मंत्री अमित शाह को कश्मीर के हालात से अवगत कराया। राज्य में फिलहाल राष्ट्रपति शासन है। पन्द्रह मिनट चली बैठक के दौरान राज्यपाल ने गृह मंत्री को अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारी के बारे में अवगत कराया।
गृहमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा, ‘मैंने उन्हें राज्य के जमीनी हालातों, विकास कार्यों तथा स्थितियों से अवगत कराया। हम अमरनाथ यात्रा के लिए तैयार हैं। लोगों के सहयोग से यह पिछले साल की तरह इस बार भी सफल रहेगी।’ आपको बता दें कि अमरनाथ की 46 दिवसीय यात्रा मासिक शिवरात्रि के दिन एक जुलाई से शुरू होगी और यह 15 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के दिन संपन्न होगी।

