देहरादून I भीषण गर्मी के बीच रविवार शाम को उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से मौसम जहां सुहावना हो गया है, वहीं कुमाऊं में रामगंगा उफान पर आ गई। वहीं सूचना है कि अल्मोड़ा के चौखुटिया क्षेत्र के खीड़ा में भी बादल फटने से कई घर बह गए हैं।
हालांकि प्रशासन ने इसकी अभी पुष्टि नहीं की है, लेकिन लोग घरों के बहने को लेकर इसे बादल फटना ही बता रहे हैं। वहीं रामगंगा के उफान पर होने से पुलिस प्रशासन ने लोगों को गंगा किनारे न जाने का अलर्ट भी जारी किया है।
गढ़वाल क्षेत्र में कई जगह ओलावृष्टि भी हुई। उधर, मैदानी इलाकों में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं ने लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी। पहाड़ में बारिश से मैदानी क्षेत्रों में भी थोड़ी ठंडक महसूस हुई है।
कर्णप्रयाग, गैरसैण, आदिबदरी में बारिश से मिली राहत
रविवार शाम को कर्णप्रयाग, गैरसैण, आदिबदरी सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश आने से मौसम सुहावना हो गया है। बारिश से जंगलों की आग बुझ गई और लोगों को धुआं छंटने से काफी राहत मिली। गांवों में बारिश के लिए इंद्रदेव को मनाने में जुटे किसानों ने भी खुशी जताई है।
पिछले एक सप्ताह से कर्णप्रयाग में जंगलों की आग से फैले धुएं और गर्मी से लोग बेहाल थे। रविवार शाम को करीब चार बजे तेज बारिश आने के बाद धुंध पूरी तरह से छंट गई। बारिश से नगर में नालियां बंद होने से पूरा पानी सड़क पर फैल गया, इससे सड़क और पैदल रास्तों में आवाजाही करने वालों को दिक्कतें हुईं। नालियां बंद होने पर व्यापारियों ने खुद नालियों से कूड़ा हटाया।

