नई दिल्ली : पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ नवजोत सिंह सिद्धू का बड़बोलापन भारी पड़ गया है। सूत्रों की मानें तो कैप्टन अमरिंदर ने कैबिनेट मीटिंग से नदारद रहने वाले सिद्धू के पर कतर दिए हैं। सिद्धू से स्थानीय निकाय विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली है। हालांकि, इसके बाद भी सिद्धू पंजाब कैबिनेट में मंत्री बने रहेंगे। उनके पास अभी पर्यटन एवं संस्कृति विभाग का प्रभार मौजूद है। लोकल बॉडी का प्रभार वापस लेकर कैप्टन अमरिंदर ने सिद्धू को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि आगे भी उन पर कार्रवाई करने में वह हिचकेंगे नहीं।
इसके पहले चुनाव में अपने प्रदर्शन पर सवाल उठाए जाने पर सिद्धू ने कहा, ‘पंजाब में लोकसभा चुनाव में शहरी क्षेत्र की सीटों पर कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री ने मुझे दो जिलों की जिम्मेदारी दी थी और हमने इन दोनों जिलों में बड़ी जीत दर्ज की। लोगों को चीजों को सही नजरिए से देखना चाहिए। मुझे हल्के में नहीं लिया जा सकता। मैं शुरू से नतीजा देने वाला रहा हूं और मैं पंजाब के लोगों के प्रति जवाबदेह हूं।’ इस बयान के बाद सिद्धू से विभाग वापस लिए जाने की खबर आई।

