मैनचेस्टरः आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में रोहित शर्मा ने फिर से वो कमाल कर दिखाया जिसके लिए वो जाने जाते हैं। विश्व कप 2019 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोहित शर्मा ने शतक जड़ा था और अब भारत-पाकिस्तान महामुकाबले में भी रोहित ने शतक जड़कर कई बड़े रिकॉर्ड ढेर कर डाले। रोहित शर्मा ने इस ऐतिहासिक पारी के साथ महान पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर सहित पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। आइए जानते हैं उनकी पारी और इन रिकॉर्ड्स के बारे में।
रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ मैनचेस्टर में धुआंधार बल्लेबाजी की और 85 गेंदों में शतक जड़ डाला। उन्होंने 39वें ओवर में आउट होने से पहले 113 गेंदों पर 140 रनों की पारी खेली जिसमें 3 छक्के और 14 चौके शामिल रहे। ये वनडे क्रिकेट इतिहास में रोहित शर्मा का 24वां वनडे शतक है जिसके साथ ही वो सबसे ज्यादा वनडे सेंचुरी जड़ने वाले बल्लेबाजों में नौवें पायदान पर मजबूती से कदम जमा चुके हैं और इस टॉप-10 लिस्ट में वो सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के बाद तीसरे भारतीय बन गए हैं। आइए जानते हैं उनके कुछ और बड़े रिकॉर्ड्स जो उन्होंने इस पारी में बनाए और तोड़े।

