देहरादून में डाटकाली मंदिर के पास मौजूद टनल के पास सड़क मरम्मत कार्य के चलते रविवार को करीब एक घंटे जाम लगा रहा। जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी के मौसम के चलते राजधानी में पर्यटकों की भीड़ बढ़ी है। बीते कई दिनों से डाटकाली टनल के पास सड़क मरम्मतीकरण का कार्य चल रहा है। दिन में कार्य होने के चलते यहां जाम लग जा रहा है। स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों के वाहन भी जाम में फंस रहे हैं। जिसके चलते उनका समय भी बर्बाद हो रहा है। रविवार को भी शाम करीब पांच बजे एक घंटे तक जमा लगा रहा।
कोटद्वार पुलिस ने एनएच पर जाम को देखते हुए चारधाम यात्रा को देवी मंदिर-घराट होते हुए गिंवाई स्रोत में एनएच पर लाने के लिए बकायदा साइन बोर्ड भी लगाए, लेकिन जानकारी के अभाव में सभी वाहन एनएच से होते हुए गुजरे, जिससे एनएच पर तीन किमी. से लेकर मालवीय उद्यान तक जाम की स्थिति रही। जाम के चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ अन्य वाहनों से पहुंचे
नए रूट पर यात्रियों को दिक्कत न हो इसके लिए कौड़िया, देवी मंदिर, घराट और गिंवाई स्रोत में बकायदा केदारनाथ, बदरीनाथ यात्रा रूट के साइन बोर्ड भी लगाए गए, लेकिन रविवार को पुलिस की सभी तैयारियां धरी की धरी रह गई। रविवार को सिद्धबली में जिला बिजनौर के साथ ही अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ ही अन्य वाहनों से पहुंचे।
एनएच पर तीन किमी. से लेकर मालवीय उद्यान तक लंबा जाम
जाम के चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहनों को महज तीन किमी. दूरी करने में एक से डेढ़ घंटा लग गया। सूचना के बाद जाम खुलवाने के लिए थाने से अतिरिक्त फोर्स को भेजा गई। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस करीब एक घंटे बाद एनएच पर जाम खोलने में सफल हुई।

