बागेश्वर I बर्फबारी के कारण एक बार फिर लापता पर्वतारोहियों की खोज और शव निकालने का अभियान प्रभावित हुआ। नंदा देवी चोटी आरोहण में लापता सात विदेशी पर्वतारोहियों और एक भारतीय नागरिक की खोज और शव निकालने गए इंडियन माउंटेनियरिंग फेडरेशन के 14 सदस्यीय दल के 12 सदस्य एडवांस बेस कैंप में ठहरे हैं।
भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नई दिल्ली से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को बेस कैंप के निकट छह सात इंच की बर्फबारी हुई है। इस कारण यहां गतिविधि पूरी तरह ठप रही। टीम के सभी सदस्य ठीक हालत में है। शनिवार को मौसम अनुकूल होने पर कैंप में गतिविधि होने की उम्मीद है।
बता दें कि 13 मई को मुनस्यारी से नंदादेवी ईस्ट के लिए 13 सदस्यीय दल में से ब्रिटेन निवासी मार्टिन मोरिन, जोन चार्लिस मैकलर्न, रिचर्ड प्याने, रूपर्ट वेवैल, अमेरिका के एंथोनी सुडेकम, रोनाल्ड बीमेल, आस्ट्रेलिया की महिला पर्वतारोही रूथ मैकन्स और इंडियन माउंटेनियरिंग फेडरेशन के जनसंपर्क अधिकारी चेतन पांडेय पर्वतारोहण के लिए गए थे।
इस दौरान हिमस्खलन की चपेट में आने से जनसंपर्क अधिकारी समेत आठ पर्वतारोही लापता हो गए थे। सर्च अभियान के दौरान बर्फ में पांच शव दिखाई दिए थे। जिस स्थान पर शव पड़े थे वहां खतरनाक दर्रे होने से सेना के हेलीकॉप्टर से इन्हें निकालने का प्रयास सफल नहीं हो सका था। इसके बाद अब सेना और एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम पैदल ही मिशन पर निकली है।

