नगर में गंदगी फैलाने पर डीएम रुद्रप्रयाग ने काटा छह लोगों का चालान

रुद्रप्रयाग I सोर्स सेग्रिगेशन सप्ताह के दूसरे दिन जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने नगर पालिका के बेलणी वार्ड में गंदगी फैलाने पर बरात घर व होटल मालिक समेत छह लोगों का 16,100 रुपये के चालान काटे। इस दौरान स्कूली बच्चों की मदद से स्थानीय लोगों को कूड़ा अलग-अलग करने के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी गई।

मंगलवार को जिलाधिकारी नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिक्वांण, सिंचाई विभाग के ईई प्रताप सिंह बिष्ट, सभासद सुरेंद्र रावत व अन्य के साथ वार्ड-4 के अंतर्गत कई घरों में पहुंचे और लोगों को सोर्स सेग्रिगेशन के बारे में बताया। इस मौके पर स्कूली बच्चों की मदद से लोगों को सूखे व गीले कूड़े की जानकारी देते हुए उसे अलग-अलग किया गया।

जिलाधिकारी ने नया बस अड्डा क्षेत्र में नगर पालिका के बरात घर संचालक भरत सिंह कठैत, होटल संचालक दलबीर सिंह जगवाण व प्रेम मोहन डोभाल का कूड़ा-कचरा नदी किनारे डालने पर पांच-पांच हजार रुपये चालान किया। जबकि निजी मकान के नीचे गंदगी फैलाने पर दलपत सिंह व अशोक चौधरी का 500-500 रुपये और सार्वजनिक भूमि पर गंदगी डालने पर ललिता देवी का 100 रुपये का चालान काटा गया।

इसके बाद सोर्स सेग्रिगेशन की समीक्षा बैठक में डीएम ने नगर पालिका को सभी नोडल अधिकारियों को चालान बुक देने के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नगर पालिका द्वारा कहीं भी डोर-टू-डोर कूड़े का कलेक्शन नहीं किया जा रहा है। साथ ही पर्यावरण मित्रों के पास भी जानकारी का अभाव है। इस पर डीएम ने नगर पालिका अध्यक्ष को तत्काल डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित कराने की व्यवस्था और प्रत्येक परिवार से 30 रुपये चार्ज वसूलने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एमएस नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन, डीएफओ मंयक शेखर झा, एडीएम अरविंद पांडे, सीएमओ डा. एसके झा, सीबीओ डा. आरसी नितवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *