देहरादून। अज्ञात व्यक्ति ने सेवानिवृत्त डिप्टी ड्रग कंट्रोलर के खाते से ढाई लाख रुपये उड़ा दिए। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने डिप्टी ड्रग कंट्रोलर ज्ञान प्रकाश सक्सेना की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नेहरू कॉलोनी के एसओ दिलबर सिंह नेगी के अनुसार वरिष्ठ नागरिक ज्ञान प्रकाश ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनका खाता स्टेट बैंक आफ इंडिया में है। उन्होंने बैंक से एसएमएस सुविधा नहीं ले रखी है। काफी समय बाद दो दिन पहले ही वह बैंक गए और खाते की स्टेटमेंट निकाली तो पता लगा कि खाता खाली है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सभी पैसे छह फरवरी से एक मई के बीच मसूरी बाइपास के सामने एटीएम और इंडसंड बैंक के एटीएम से निकाले गए हैं। वरिष्ठ नागरिक का कहना है कि कार्ड उनके पास ही है, जबकि उन्होंने पैसे नहीं निकाले। एसओ ने बताया कि स्टेटमेंट निकालकर पता करवाया जा रहा है कि धोखाधड़ी कैसे हुई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में धोखाधड़ी या तो कार्ड क्लोन या फिर किसी परिचित ने ही पैसे निकाले होंगे। इसकी जांच की जा रही है।

