कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात से पहले अशोक गहलोत बोले- केवल राहुल गांधी ही कर सकते हैं हमारा नेतृत्व

जयपुर : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से अपनी मुलाकात से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को बड़ा बयान दिया। गहलोत ने कहा कि मौजूदा परिस्थिति में राहुल गांधी ही पार्टी का नेतृत्व कर सकते हैं और देश एवं नागरिक हित के प्रति जो उनकी निष्ठा है वह बेमिसाल है। अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश के बाद राहुल गांधी की कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों के साथ यह पहली बैठक हो रही है। इस अहम बैठक से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी में अपना भरोसा जताया है।   
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की भीषण हार के बाद राहुल गांधी अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा देने पर अड़े हैं। इस हार पर पार्टी के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं का इस्तीफा न होने पर राहुल ने शिकायती संदेश जारी किया जिसके बाद से पार्टी में इस्तीफा देने की होड़ मच गई। पिछले कुछ दिनों में कई राज्यों के प्रभारियों एवं पार्टी के पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। राहुल गांधी अपने इस्तीफे की पेशकश से पीछे हटेंगे या नहीं और भविष्य में पार्टी में उनकी क्या भूमिका होगी इस पर अभी संशय बना हुआ है। 
गहलोत ने कहा कि इस बैठक के जरिए कांग्रेस के सभी मुख्यमंत्री अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे। उन्होंने कहा, ‘हमारा दृढ़ मत है कि मौजूदा परिस्थिति में केवल राहुल गांधी ही पार्टी का नेतृत्व कर सकते हैं। देश और नागरिकों के प्रति उनका प्रतिबद्धता बेमिसाल है। कांग्रेस शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री आज कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी से उनके आवास पर मिलेंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *