टीम इंडिया को एक और झटका, ऑलराउंडर विजय शंकर विश्व कप 2019 से बाहर

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर पैर में चोट के चोट की वजह से विश्व कप 2019 से बाहर हो गए हैं। उन्हें नेट्स में जसप्रीत बुमराह की गेंद लगी थी। चोट शुरुआत में ज्यादा गंभीर नहीं लग रही थी लेकिन बाद में काफी गंभीर हो गई। उनकी जगह टीम में कर्नाटक के बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को शामिल किया जा सकता है। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 28 वर्षीय अग्रवाल ने अब तक वनडे में नहीं खेले हैं। 
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘जसप्रीत बुमराह की गेंद से विजय के पैर की उंगलियां चोटिल हो गई। उसकी स्थिति अच्छी नहीं है और वह टूर्नामेंट में आगे हिस्सा नहीं ले पाएगा। वह स्वदेश लौट रहा है।’ चोटिल होने की वजह से शंकर रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे। इस मैच में उनकी जगह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत को अंतिम एकादश में शामिल किया गया था।
शंकर मौजूदा टूर्नामेंट से बाहर होने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को अंगूठे की चोट के कारण भारतीय टीम से बाहर होना पड़ा था। धवन के अंगूठे में चोट लगी थी जब वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। पैट कमिंस की एक बाउंसर पर वो घायल हुए थे। हालांकि धवन ने इसके बाद शानदार शतक जड़ा और 117 रनों की पारी के दम पर टीम इंडिया के लिए जीत की नींव रखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *