नई दिल्ली । कर्नाटक का नाटक अभी भी जारी है। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के साथ साथ बीजेपी अपने विधायकों को सहेजने में जुटी हुई है। इन सबके बीच बागी विधायक सोमवार को सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि बागी विधायकों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देश के बाद भी उन्हें कांग्रेस की तरफ से धमकाया जा रहा है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को इस विषय पर सुनवाई होनी है। इन सबके बीच मुंबई के रेनिसंस होटल में रुके हुए 14 बागी विधायकों ने पवई पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर को अर्जी दी है जिसमें ये कहा गया है कि कर्नाटक के सीनियर कांग्रेस नेताओं की तरफ से उन्हें धमकी मिल रही है। बागी विधायकों ने पुलिस से अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। विधायकों का कहना है कि इस बात की व्यवस्था की जाए ताकि कर्नाटक कांग्रेस के नेता उनसे न मिल सकें।
कर्नाटक के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने कहा कि बहस के बाद विश्वासमत पर गुरुवार 18 जुलाई को मतदान होगा। इससे पहले बीजेपी ने कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर से विश्नासमत के लिए तारीख मुकर्रर करने की अर्जी लगाई थी।
कर्नाटक में राजनीतिक संकट के बीच बीजेपी ने एच डी कुमारस्वामी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया है। बीजेपी के नेता सुरेश कुमार का कहना है कि यह अब कुमारस्वामी पर निर्भर करता है कि वो विधानसभा में विश्वासमत हासिल करें। उन्होंने इस संबंध में कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर से अपील किया है कि वो समय मुकर्रर करें ताकि पहले सरकार विश्वासमत को हासिल करे और बाद में कोई और कार्यवाही हो। बीजेपी के सभी 105 विधायक एकजुट हैं।

