बेंगलुरु: संकट में घिरी कर्नाटक की एचडी कुमारस्वामी सरकार के लिए आज का दिन बेहद अहम है। सरकार को सदन में शक्ति परीक्षण से गुजरना है। दरअसल कांग्रेस के 13 और जेडीएस के 3 विधायकों द्वारा इस्तीफे देने के बाद राज्य की 14 महीने पुरानी सरकार पर संकट मंडरा रहा है। वहीं दो निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार से समर्थन वापस ले लिया है। कुमारस्वामी की मुश्किलें बुधवार को उस समय और बढ़ गई जब सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि बागी विधायकों को विधानसभा की कार्रवाई में भाग लेने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता है।
कर्नाटक लाइव अपडेट्स:
- कर्नाटक विधानसभा में विश्वासमत पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक और मंत्री डीके शिवकुमार ने हाथ में कुछ तस्वीरें दिखाते हुए कहा, ‘8 विधायक थे, जिन्होंने एक साथ यात्रा की थी, यहाँ उनमें से एक (श्रीमंत पाटिल) की एक तस्वीर सामने आई है जिसमें वह स्ट्रेचर पर लेटे पड़े हैं, ये लोग कहाँ हैं? मैं अध्यक्ष से अपने विधायकों की सुरक्षा करने का आग्रह करता हूं।’ शिवकुमार के इस बयान के बाद विधानसभा में जबकर हंगामा हुआ।’
- कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने विश्वासमत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा, ‘अगर हम विश्वास प्रस्ताव के साथ आगे बढ़ते हैं, अगर व्हिप लागू होता है और वे (बागी विधायक) सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण सदन में नहीं आते हैं, तो यह गठबंधन सरकार के लिए एक बड़ा नुकसान होगा। जब तक हमें सुप्रीम कोर्ट के पिछले आदेश पर स्पष्टीकरण नहीं मिल जाता, तब तक इस सत्र में फ्लोर टेस्ट लेना उचित नहीं है।’

