बेंगलुरु। कर्नाटक में जारी राजनीतिक संकट के बीच बीजेपी सांसद शोभा करांलजे, बीएस येदियुरप्पा के फिर से राज्य के मुख्यमंत्री बनने की मन्नत लेकर चामुंडेश्वरी देवी के दर पहुंचीं। येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री बनने की कामना लेकर शोभा 1001 सीढ़ियां चढ़कर मैसूर के इस मंदिर में माता के दरबार पहुंचीं। उनके साथ बीजेपी के कुछ नेता और कार्यकर्ता भी थे।
परंपरागत गुलाबी रंग की साड़ी पहने बीजेपी सांसद शोभा करांलजे ने नंगे ही मंदिर की 1000 से अधिक सीढ़ियां चढ़ी और चामुंडी पर्वत पर करीब 3,300 फीट ऊंची उस चोटी तक पहुंचीं, जहां चामुंडेश्वरी देवी का मंदिर है। उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह समर्थकों के साथ सीढ़ियां चढ़ती नजर आ रही हैं। बीजेपी सांसद ऐसे समय में येदियुरप्पा के फिर से कर्नाटक के सीएम बनने की कामना लेकर माता के मंदिर में पहुंची हैं, जबकि प्रदेश राजनीतिक संकट के दौर से गुजर रहा है।
कर्नाटक में सियासी संकट के बीच येदियुरप्पा के फिर से सीएम बनने की मन्नत को लेकर शोभा जिस तरह से मंदिर पहुंची हैं, उससे एक बार फिर इसकी पुष्टि होती है कि सियासत में दोनों नेताओं के बीच कितनी मजबूत बॉन्डिंग है। येदियुरप्पा कर्नाटक में शोभा की लोकप्रियता का जिक्र कई अवसरों पर करते रहे हैं। वह कर्नाटक में येदियुरप्पा की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती सरकार में पंचायती राज व ग्रामीण विकास मंत्री भी रह चुकी हैं।
बताया जाता है कि बीते साल कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष के लिए येदियुरप्पा ने शोभा करांलजे का नाम आगे बढ़ाया था। इतना नहीं, लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद जब केंद्र में सरकार गठन की कवायद जारी थी, तब भी उन्होंने शोभा को मंत्रिमंडल में जगह दिलाने की पुरजोर कोशिश की थी। कर्नाटक में जारी संकट के बीच शोभा इससे पहले भी येदियुरप्पा के सीएम बनने की वकालत खुलकर कर चुकी हैं। कर्नाटक की उडुपी-चिकमंगलूर सीट से सांसद ने हाल ही में भरोसा जताया था कि बीजेपी राज्य में सरकार बनाने में सफल होगी।

