धोनी का बड़ा फैसला- अगले 2 महीने टीम इंडिया नहीं, सैनिकों के साथ रहेंगे

भारत के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने अपने संन्यास और वेस्टइंडीज दौरे पर न जाने की तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है. 38 वर्षीय धोनी ने बीसीसीआई को सूचित किया है कि वह फिलहाल दो महीने किसी भी तरह की क्रिकेट के लिए अनुपलब्ध रहेंगे. धोनी अगले 2 महीनों के लिए पैरा सैन्य रेजिमेंट में शामिल हो रहे हैं.

इससे यह साफ होता है कि धोनी टीम इंडिया के साथ वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जाएंगे. बता दें कि टीम इंडिया तीन अगस्त से वेस्टइंडीज दौरा शुरू करेगी. भारत को इस दौरान तीन टी-20 इंटरनेशनल, तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं. वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया का चयन कल यानी रविवार को किया जाएगा.

धोनी ने BCCI को दी जानकारी

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘धोनी ने यह कहा है कि वे वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जा पाएंगे. वे अगले दो महीने के लिए पैरामिलिट्री रेजिमेंट में समय बिताएंगे. उन्होंने रविवार को होने वाली चयनसमिति की बैठक से पहले यह फैसला लिया. उन्होंने कप्तान विराट कोहली और एमएसके प्रसाद को भी सूचित कर दिया.’

अधिकारी ने कहा कि धोनी के इस बयान से उम्मीद जताई जा सकती है कि वे अभी संन्यास के बारे में नहीं सोच रहे. रविवार को एमएसके प्रसाद की अध्यक्षता वाली चयन समिति मुंबई में बैठक करेगी, जिसमें वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *