बेंगलुरु: कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने बी एस येदियुरप्पा को सीएम पद की शपथ दिलाई। इस तरह बी एस येदियुरप्पा चौथी बार कर्नाटक के सीएम बने। इससे पहले उन्होंने तीन बार कर्नाटक की कमान संभाली थी। लेकिन तीनों बार वो अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल से मुलाकात करने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, ‘मैं सरकार गठन का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से आज मुलाकात करूंगा और आज ही शपथ ग्रहण कराने का अनुरोध करूंगा।’
UPDATES
- शपथ ग्रहण से पहले येदियुरप्पा ने बेंगलुरु के काडू मलेश्वरा मंदिर में बी एस येदियुरप्पा ने पूजा अर्चना की ।
- येदियुरप्पा ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से मुलाकात की और उनसे आज ही पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि चूंकि वह पहले ही विपक्ष के नेता हैं तो नेता चुनने के लिए विधायक दल की बैठक बुलाने की जरूरत है।
- कर्नाटक से भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे ने कहा, ‘आज बीएस येदियुरप्पा जी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है, पार्टी आलाकमान ने उनका समर्थन किया है। विधानसभा में संख्या एक समस्या नहीं है, बागी विधायक भी अपने रुख पर कायम हैं और यदि वे भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, तो हम उनका स्वागत करेंगे।’

