नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश से लौट आए हैं। दिल्ली पहुंचकर उन्होंने कांग्रेस नेता शीला दीक्षित के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बेटे एवं परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। शीला दीक्षित का 20 जुलाई को 81 साल की आयु में दिल का दौरा पड़ने से दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। राहुल शुक्रवार सुबह शीला दीक्षित के आवास पहुंचे और उनके बेटे संदीप दीक्षित एवं परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर उनको सांत्वना दी।
दरअसल जिस समय शीला दीक्षित का आकस्मिक निधन हुआ था उस समय राहुल गांधी विदेश में थे और इसी वजह से वह शीला दीक्षित की अंत्येष्ठि में शामिल नहीं हो सके थे। हालांकि यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शीला दीक्षित के निधन की खबर सुनते ही उनके घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी थी और शीला की अंतिम यात्रा में भी शरीक हुए थे। तीन बार लगातार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं शीला दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी थीं।

