बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा में आज मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा विश्वासमत प्रस्ताव पेश किया। विपक्ष ने मत विभाजन की मांग नहीं की और इस तरह येदियुरप्पा सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया। विश्वास मत के बाद स्पीकर रमेश कुमार ने भी अपने पद से दे दिया है।विश्वासमत जीतने के बाद मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘विश्वास मत जीतना एक स्थिर और मजबूत प्रशासन की ओर कदम बढ़ाना है। पारदर्शी और जवाबदेह शासन सुनिश्चित करके विश्वास बनाए रखेंगे। मुझ पर रखे गए विश्वास के लिए मैं नागरिकों, विधायकों और हर बीजेपी कार्याकर्ता को धन्यवाद देना चाहता हूं।’
विश्वास मत से एक दिन पहले रविवार को येदियुरप्पा ने बहुमत साबित करने का विश्वास जताते हुए कहा, ‘सोमवार को सौ फीसदी मैं बहुमत साबित कर दूंगा। वित्त विधेयक (विनियोग विधेयक) को तत्काल पारित कराने की जरूरत है अन्यथा हम वेतन भी देने के लिए धन नहीं ले पायेंगे।’
कुमारस्वामी ने साधा सरकार पर निशाना
विश्वासमत की कार्रवाई के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा, ‘आपने (भाजपा) बागी विधायकों को सड़क पर छोड़ दिया है। पिछले सप्ताह से मैं सभी घटनाक्रमों को देख रहा हूं। स्पीकर का निर्णय एक मजबूत संदेश भेजता है। उन्होंने जल्दबाजी में कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मामले को बहुत ध्यान से देखा, और प्रत्येक मामले को देखा। सत्ता स्थायी नहीं है यहां तक कि नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा के लिए भी। हम आपके नंबर को 105 से 100 या उससे कम पर लाने की कोशिश नहीं करेंगे। आप सूखे की बात करते हैं, कम से कम अब देखते हैं कि आप कैसे काम करेंगे। हम आप लोगों के सहयोग के लिए सहयोग करेंगे।’

