नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने सोमवार को चंद्रयान-2 को लेकर जानकारी दी कि अब हम चांद से सिर्फ 3 कदम दूर हैं। इसरो ने बताया आज तीसरी कक्षा में प्रवेश कराने का काम सफलतापूर्वक होने के बाज हम अब चांद से 3 कदम दूर हैं। सोमवार को चंद्रयान पृथ्वी के इर्द गिर्द तीसरी बार उसकी कक्षा में आगे बढ़ाया गया। सभी अंतरिक्ष यान पैरामीटर सामान्य हैं। इससे पहले 26 जुलाई को चंद्रयान 2 को पृथ्वी के इर्द गिर्द दूसरी बार उसकी कक्षा में आगे बढ़ाया गया था।
इसरो ने 22 जुलाई को अपने शक्तिशाली जीएसएलवी-एमकेIII-एम 1 के जरिए चंद्रयान 2 को सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया था। इसकी सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। धीरे-धीरे ये पृथ्वी की कक्षाओं को पार करते हुए चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करेगा। चंद्रयान 2 6 अगस्त तक पृथ्वी के चारों और चक्कर लगाएगा। 14 अगस्त को इसे चांद की कक्षा की ओर धकेल दिया जाएगा। 20 अगस्त तक यह वहां पहुंच जाएगा। चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करते ही यान चंद्रमा की परिक्रमा करने लगेगा। चंद्रमा के प्रभाव वाले क्षेत्र की कक्षा में 13 दिन की परिक्रमा के बाद रोवर प्रज्ञान को लेकर जा रहा लैंडर विक्रम यान से अलग हो जाएगा और कुछ दिन कक्षा की परिक्रमा के बाद यह 7 सितंबर को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा।

