लखनऊ : बीजेपी से निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर से पूछताछ के लिए सीबीआई की टीम शनिवार को सीतापुर जेल पहुंची। उन्नाव रेप केस पीड़िता के एक्सीडेंट मामले में सीबीआई ने सेंगर सहित 10 लोगों के खिलाफ 31 जुलाई को हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज किया था। एक्सीडेंट बीते सप्ताह यूपी के रायबरेली में हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पीड़िता की हालत गंभीर है और उसका अब भी इलाज चल रहा है। पीड़िता ने सेंगर के खिलाफ 2017 में रेप के आरोप लगाए थे।
बताया जाता है कि सीबीआई अधिकारियों ने शुक्रवार को पीड़िता के परिवारवालों से भी बात की, जिनका आरोप है कि सेंगर से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। पीड़िता का फिलहाल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज में चल रहा है, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पीड़िता 28 जुलाई को अपनी दो रिश्तेदारों और वकीलों के साथ कार से जा रही थीं, जब रायबरेली में एक ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी थी। इस घटना में जहां पीड़िता की चाची और एक अन्य रिश्तेदार की मौत हो गई, वहीं वह खुद और उसके वकील गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस घटना के बाद यह भी सामने आया कि पीड़िता के परिवार ने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस रंजन गोगोई को इस संबंध में पत्र भी लिखा था कि उन्हें सेंगर की ओर से लगातार धमकियां मिल रही हैं। इस एक्सीडेंट में जान गंवाने वाली दो महिलाओं में से एक के पति ने इस सप्ताह की शुरुआत में दावा किया था कि यह हादसा पूरी तरह से साजिश है और उनके पूरे परिवार को खत्म करने के लिए खुद सेंगर ने इसकी साजिश रची।

